छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की दो महिला फुटबॉल खिलाड़ी शारदा प्रधानी और पूजा माड़वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ में स्वर्ण पदक जीत लिया है। दोनों खिलाड़ी छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम का हिस्सा थीं। टीम ने फाइनल मुकाबले में झारखंड को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
शारदा प्रधानी सुकमा जिले के चिपुरपाल गांव की रहने वाली हैं, जब कि पूजा माड़वी कोंटा क्षेत्र के कोलईगुड़ा गांव से हैं। दोनों ही खिलाड़ी आदिवासी क्षेत्रों से आती हैं और अपनी मेहनत के दम पर नेशनल लेवल पर पहचान बनाने में सफल हुई हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर में किया गया था। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहले सेमीफाइनल में अरुणाचल प्रदेश को हराया और फिर फाइनल में झारखंड को हराकर खिताब जीता। इस सफलता में खेलो इंडिया फुटबॉल कोच शिवेंद्र ठाकुर की भी महत्वपूर्ण रोल रहा।
फिलहाल शारदा और पूजा रायपुर में स्थित, आवासीय खेल एकाडमी में ट्रेनिंग ले रही हैं। उनकी उपलब्धि ये साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और बेहतर सुविधाएं मिलने पर गांव और आदिवासी इलाकों की प्रतिभाएं भी देशभर में अपनी पहचान बना सकती हैं।
इस उपलब्धि पर वन एवं सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। वहीं, सुकमा जिला के कलेक्टर अमित कुमार ने भी शारदा और पूजा को उनकी सफलता की सराहना की और उनसे मुलाकात करके उनके खेल और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुकमा की इन बेटियों की सफलता से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
कलेक्टर ने विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। इससे दोनों खिलाड़ियों को आगे बेहतर ट्रेनिंग और अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेने में मदद मिलेगी।



Leave a Reply